हरिद्वार। थाना पथरी क्षेत्र निवासी पत्रकार महबूब ने करोड़ों रुपये के कथित फर्जीवाड़े का खुलासा करने के बाद खुद और अपने भाई को ब्लैकमेल करने, झूठे आरोपों में फंसाने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो प्रसारित कर छवि धूमिल करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार को शिकायती पत्र देकर मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
महबूब का आरोप है कि उन्होंने एक गैर-सरकारी संस्था द्वारा कथित रूप से फर्जी राशन व अन्य कार्ड वितरित कर लोगों से रुपये लेने के मामले को उजागर किया था और इसकी सूचना पुलिस को भी दी थी। इसके बाद संस्था से जुड़े लोगों ने उनके खिलाफ साजिश रचनी शुरू कर दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गांव की एक महिला के माध्यम से उनके और उनके भाई के खिलाफ कथित रूप से झूठी तहरीर दी गई तथा बाद में एक डिजिटल न्यूज चैनल पर बिना तथ्यों की पुष्टि किए वीडियो प्रसारित कर उनकी सामाजिक और पेशेवर छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।
शिकायतकर्ता ने एनजीओ संचालकों, कथित सहयोगियों और कार्ड वितरण से जुड़े कई लोगों पर गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और गंभीर झूठे आरोपों में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महबूब का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में 27 अगस्त और 30 अगस्त 2026 को भी शिकायत दी थी, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने एसएसपी से मामले की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।
