हरिद्वार/लक्सर। लक्सर विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि से कराए गए सीसी सड़क निर्माण कार्य में बड़ी अनियमितता सामने आई है। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की ओर से कराई गई जांच में ग्राम दरगाहपुर में स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य में गंभीर गड़बड़ी की पुष्टि हुई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर तत्कालीन प्रभारी खंड विकास अधिकारी, अपर सहायक अभियंता और लेखाकार को कारण बताओ नोटिस जारी कर अभिलेखों सहित जवाब मांगा गया है।
ग्राम दरगाहपुर निवासी कपिल कुमार ने शिकायत की थी कि विधायक निधि से चंद्रपाल सैनी के घर से राहुल कुमार सैनी के घर तक सीसी सड़क निर्माण स्वीकृत होने के बावजूद कार्य कागजों में दिखाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया। शिकायत पर गठित संयुक्त जांच टीम ने मौके का निरीक्षण किया तो पाया कि स्वीकृत स्थान पर सड़क का निर्माण नहीं हुआ। वहीं माप पुस्तिका में दो निर्माण कार्यों की कुल लंबाई 205.50 मीटर दर्ज थी, जबकि मौके पर दोनों सड़कों की वास्तविक लंबाई केवल 170 मीटर मिली। इस तरह 35.50 मीटर का अंतर सामने आया।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने मामले को गंभीर मानते हुए तत्कालीन प्रभारी बीडीओ पवन सिंह सैनी, तत्कालीन अपर सहायक अभियंता संदीप कुमार और तत्कालीन लेखाकार राजीव कुमार त्रिपाठी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अभिलेखीय साक्ष्यों सहित तत्काल अपना पक्ष प्रस्तुत करें। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
