लक्सर। सेंट जे.पी. कॉन्वेंट पब्लिक स्कूल, टिक्कमपुर सुल्तानपुर में महारानी लक्ष्मीबाई जयंती के अवसर पर आयोजित वार्षिक महोत्सव देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के रंग में सराबोर रहा। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से की गई, जिसके बाद छोटे बच्चों से लेकर वरिष्ठ वर्ग तक ने मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं।
मंच पर “आओ बच्चों तुम्हें दिखाएँ झांकी हिंदुस्तान की”, “क्रांतिवीर भगत सिंह”, “रानी लक्ष्मीबाई गीत” जैसी देशभक्ति प्रस्तुतियों ने माहौल को भावनाओं से भर दिया, वहीं पंजाबी गिद्धा, राजस्थानी संस्कृति, योगा, लेजियम और डम्बल डांस ने समा बाँध दिया। बच्चों की पूरे आत्मविश्वास और ऊर्जा के साथ की गई प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा।
इस विशेष आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में सरदार किरनजीत सिंह संधु, जो कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह के भतीजे हैं, उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रबंधक श्री लाल सिंह ने पगड़ी एवं शॉल भेंट कर उनका सम्मान किया। विशिष्ट अतिथियों में उत्तराखंड सरकार के राज्यमंत्री श्री श्यामवीर सैनी, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, और आर्य प्रतिनिधि सभा लखनऊ की उप मंत्री मीरा वर्मा सहित कई शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार की ओर से प्रबंधक लाल सिंह आर्य, उप-प्रधानाचार्य संगीता गोसाईं, डीन स्टूडेंट्स जे.पी. राजपाल सिंह, सेठपाल सिंह, विक्रांत पंवार समेत सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ मौजूद रहे। योग प्रशिक्षक जयराम जी की विशेष उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि रानी लक्ष्मीबाई जैसी वीरांगनाओं का जीवन युवा पीढ़ी को साहस, नेतृत्व और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा देता है।
