लक्सर/हरिद्वार। हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम धनपुरा में गैंगरेप की शिकार नाबालिग बेटी के परिवार से सोमवार को लक्सर विधायक मो. शहजाद ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया।

विधायक मो. शहजाद ने घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जघन्य अपराध समाज के लिए कलंक हैं और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय दिलाया जाए और मामले की जांच पूरी पारदर्शिता के साथ हो।

उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार की सुरक्षा, आर्थिक सहयोग और न्याय की राह में आने वाली हर अड़चन को दूर करने के लिए वह स्वयं खड़े रहेंगे।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी विधायक को अपनी अन्य स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर विधायक ने भरोसा दिलाया कि सरकार और प्रशासन पूरी तरह पीड़िता के साथ है और न्याय दिलाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

ग्रामवासियों ने विधायक की इस पहल को सराहा और उम्मीद जताई कि इस बार दोषियों को सख्त सजा मिलेगी, जिससे भविष्य में कोई भी ऐसी घिनौनी हरकत करने से पहले सौ बार सोचे।

Share.

Contact is protected!