रुड़की। रुड़की की नगर पंचायत पिरान कलियर में आयुष्मान केंद्र के आवंटन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आयुष्मान केंद्र संचालक मुराद अली ने प्रेस वार्ता कर लक्सर विधायक और उनके भाई पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक दबाव के चलते उनके केंद्र का आवंटन निरस्त कराया गया। वहीं नगर पंचायत प्रशासन ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
रुड़की के सती मोहल्ले में आयोजित प्रेस वार्ता में मुराद अली ने बताया कि उन्होंने नियमानुसार पिरान कलियर नगर पंचायत क्षेत्र में आयुष्मान केंद्र संचालन के लिए आवेदन किया था। स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें 03 मई को केंद्र संचालन की अनुमति भी दे दी थी। आरोप है कि विधायक और उनके भाई के दबाव में पांच मई को उनके आवंटन को निरस्त कर दिया गया। मुराद अली का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में नगर पंचायत अधिकारियों से भी मुलाकात की, लेकिन अधिकारियों ने भी दबाव में आकर नगर पंचायत भवन में आयुष्मान केंद्र संचालन पर रोक लगा दी। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र संचालित होता तो क्षेत्र की जनता को सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिलता, लेकिन ऐसा नहीं होने दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विधायक के भाई की नगर पंचायत में दखलंदाजी रहती है। वह किसी निर्वाचित पद पर न होने के बावजूद बोर्ड बैठकों में शामिल होते हैं और अपने अनुसार नगर पंचायत को संचालित कर रहे हैं। मुराद अली ने कहा कि वह राजनीतिक व्यक्ति नहीं हैं, फिर भी उनके साथ राजनीति की जा रही है। उन्होंने आयुष्मान केंद्र संचालन की अनुमति बहाल करने और आवंटन निरस्त कराने के कारण सार्वजनिक करने की मांग की।
वहीं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि इस मामले में ऐसा कोई व्यक्ति उनसे मिलने नहीं आया और न ही किसी जनप्रतिनिधि का नाम लिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयुष्मान केंद्र का आवंटन रोकने की कार्रवाई स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त पत्र के आधार पर की गई है।


