class="s-light site-s-light">     शराब की ओवररेटिंग पर सीएम धामी का बड़ा एक्शन! दुकानों पर छापेमारी के आदेश, रद्द होंगे लाइसेंस - janwani express

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अब शराब की दुकानों पर हो रही ओवररेटिंग और नियमों की अनदेखी पर सख्त हो गए हैं। सरकार ने 21 से 24 मई तक प्रदेशभर में विशेष छापेमारी अभियान चलाने का ऐलान किया है। अभियान के दौरान शराब महंगे दाम पर बेचने वालों और अवैध तरीके से मुनाफा कमाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हर जिले में जिम्मेदार अधिकारी तय कर दिए गए हैं, जो अपने-अपने क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाएंगे। हरिद्वार, देहरादून, नैनीताल, उधमसिंह नगर, पौड़ी और टिहरी जैसे जिलों में अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कई जिलों में महिला अधिकारियों को भी कमान दी गई है, ताकि कार्रवाई पारदर्शी हो और किसी पर भी पक्षपात का आरोप न लगे।

रुड़की क्षेत्र की कमान शिव प्रसाद व्यास को दी गई है, जबकि हरिद्वार सिटी में कार्रवाई की जिम्मेदारी बिजेंद्र भंडारी को मिली है। देहरादून जिले में मसूरी और चकराता क्षेत्र की जिम्मेदारी संजय रावत को दी गई है, जबकि देहरादून सेक्टर 1 और 2 की निगरानी सरोज पाल करेंगे। इसके अलावा पूरे देहरादून, हरिद्वार और टिहरी की एफएल-5 डीएस/एम यूनिट्स पर नजर रखने की जिम्मेदारी प्रेरणा बिष्ट को सौंपी गई है।

सरकार ने साफ कर दिया है कि इस बार दोषियों को सिर्फ चेतावनी नहीं, बल्कि सीधा लाइसेंस रद्द और भारी जुर्माना भुगतना पड़ेगा। अभियान का मकसद है जनता को लूटने से रोकना और शराब व्यापार में पारदर्शिता लाना। सरकार की यह सख्ती राज्य में भ्रष्टाचार पर कड़ा संदेश देने वाला कदम मानी जा रही है।

Share.

Contact is protected!