हरिद्वार के महंत को पंजाब पुलिस ने किया गिरफ्तार, महिला ने लगाए छेड़छाड़ के आरोप - janwani express

हरिद्वार। प्रसिद्ध चंडी देवी मंदिर के महंत रोहित गिरी को पंजाब पुलिस ने बुधवार को एक महिला से छेड़छाड़ के मामले में गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई लुधियाना निवासी एक महिला की शिकायत पर की गई है, जिसमें महंत पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले में गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद पंजाब पुलिस की टीम हरिद्वार पहुंची और स्थानीय पुलिस की सहायता से उन्हें हिरासत में लिया।

श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पंजाब पुलिस की टीम अदालत से जारी NBW (गैर-जमानती वारंट) के साथ पहुंची थी। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद महंत रोहित गिरी को उनके साथ रवाना किया गया। गिरफ्तारी के समय पुलिस बल तैनात रहा ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

गिरफ्तारी के बाद स्थानीय धार्मिक संगठनों और श्रद्धालुओं में हलचल मच गई है। महंत रोहित गिरी चंडी देवी मंदिर से लंबे समय से जुड़े थे और कई धार्मिक आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। अब इस मामले की सुनवाई पंजाब में होगी, जहां अदालत आगे की कार्रवाई तय करेगी।

गौरतलब है कि चंडी देवी मंदिर उत्तराखंड के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक है और यहां हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में मंदिर से जुड़े प्रमुख पुजारी की गिरफ्तारी से धार्मिक समुदाय में नाराजगी और चिंता दोनों देखने को मिल रही है।

Share.

Contact is protected!