class="s-light site-s-light">

    सेना के पराक्रम के सम्मान में लक्सर में निकली तिरंगा यात्रा, गूंजा ‘ईंट से ईंट बजा दी’ का नारा!” - janwani express

लक्सर। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में की गई जवाबी कार्रवाई के समर्थन में शनिवार को लक्सर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा शिव चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख बाजारों से होते हुए अकोढा खुर्द तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, पूर्व जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

तिरंगा यात्रा का नेतृत्व कर रहे लक्सर के पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने कहा, “हमारे देश के प्रधानमंत्री और सेना ने जिस प्रकार पाकिस्तान में घुसकर आतंक के अड्डों को तबाह किया है, वह गौरव की बात है। भारत अब चुप नहीं बैठता, मुंहतोड़ जवाब देता है। सेना ने ‘ईंट से ईंट बजा दी’ और यह हर भारतीय के लिए गर्व की बात है।” उन्होंने कहा कि यह तिरंगा यात्रा पहलगाम में शहीद हुए सैनिकों की स्मृति और भारतीय सेना के साहस को समर्पित है।

भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा, “भाजपा जो कहती है, वो करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्पष्ट नीति और सेना की वीरता ने आतंकियों को सबक सिखा दिया है। अगर पाकिस्तान फिर ऐसी गलती करेगा, तो और भी बड़ा जवाब मिलेगा।” उन्होंने कहा कि लक्सर की यह तिरंगा यात्रा पूरे देश को एकता और सैनिक सम्मान का संदेश देती है।

इस तिरंगा यात्रा में प्रमुख रूप से अमरीश गर्ग, चित्र कुमार सैनी, राजवीर कश्यप, अजय वर्मा, ईश्वर चंद्र सैनी, अतुल गुप्ता, सहदीप सिंह एडवोकेट, यशवीर सैनी, अरविंद अग्रवाल, विकास सैनी, सुभाष सैनी, मनीष चौधरी, नैपाल सिंह, सुनील चौहान, महेंद्र धीमान समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। यात्रा में गगनभेदी देशभक्ति नारों के साथ तिरंगे की शान और देशभक्ति का अद्भुत उत्सव देखने को मिला।

Share.

Contact is protected!

Exit mobile version