देहरादून। जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली ने शुक्रवार को जन समस्याओं और प्रदेश के मौजूदा माहौल को लेकर आईजी गढ़वाल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, शांति और सामाजिक सौहार्द से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
आजाद अली ने कहा कि उत्तराखंड में शांतिपूर्ण माहौल और आपसी भाईचारा बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने धर्म की आड़ में राजनीति करने अथवा माहौल खराब करने के प्रयासों की निष्पक्ष जांच की मांग की। उनका कहना था कि यदि किसी व्यक्ति या संगठन की गतिविधियों से कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से जन समस्याओं को गंभीरता से लेने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। आजाद अली ने कहा कि प्रदेश में सभी वर्गों के बीच आपसी विश्वास और सामाजिक सौहार्द बना रहे, इसके लिए प्रशासन को प्रभावी भूमिका निभानी चाहिए।
