देहरादून। उत्तराखंड में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान एक बार फिर टल गया है। पहले इसे 30 अप्रैल तक तय करने का लक्ष्य था, लेकिन हाल में हुए पहलगाम आतंकी हमले और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के चलते प्रक्रिया में देरी हो गई। अब पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, 15 जून तक प्रदेश अध्यक्ष का नाम घोषित किया जा सकता है।
प्रदेश में बीते कई महीनों से मंत्रिमंडल विस्तार और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चर्चाएं गरम हैं, लेकिन अब तक दोनों ही मसलों पर मुहर नहीं लगी है। भाजपा की चुनावी तैयारियों के लिहाज से प्रदेश अध्यक्ष का चयन अहम माना जा रहा है, लेकिन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं ने इसका शेड्यूल गड़बड़ा दिया है।
भाजपा प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अधिकारी खजान दास ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व से जैसे ही निर्देश मिलेगा, प्रदेश में चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी। बूथ, मंडल और जिला स्तर पर चुनाव पहले ही पूरे हो चुके हैं। ऐसे में 15 जून तक नाम का ऐलान तय माना जा रहा है।