लक्सर। उत्तराखंड शासन द्वारा प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (PMAJAY) के अंतर्गत राज्य सलाहकार समिति के लिए नए सदस्यों की नियुक्ति की अधिसूचना जारी कर दी गई है। जारी आदेश के अनुसार गोपाल कुण्डलवाल को समिति का सदस्य नामित किया गया है। उनकी नियुक्ति प्रदेश में इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और सामाजिक न्याय से जुड़े विषयों पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से की गई है।
राज्य सामाजिक कल्याण निदेशालय ने PMAJAY समिति में कुल छह नए सदस्यों को नामित किया गया है। इन्हीं में लक्सर क्षेत्र के सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता गोपाल कुण्डलवाल का नाम शामिल है, जिन्हें लंबे समय से समाजसेवा, वंचित वर्गों के उत्थान और शिक्षा–सहायता कार्यों के लिए जाना जाता है।
समर्थकों में गोपाल कुण्डलवाल की इस नियुक्ति से उत्साह का माहौल है। सामाजिक संगठनों ने इसे “वंचित समाज की आवाज़ को आगे बढ़ाने वाला निर्णय” बताया। लोगों का कहना है कि जिला व मंडल स्तर पर वर्षों से सक्रिय कुण्डलवाल अब राज्य स्तर की नीति निर्धारण समिति में शामिल होकर और प्रभावी ढंग से काम कर पाएंगे।
गोपाल कुण्डलवाल ने अपनी नियुक्ति पर उत्तराखंड सरकार एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा—
“यह मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं प्रयास करूंगा कि योजना से जुड़े हर लाभार्थी तक सुविधाएँ ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ पहुँचें। समाज के कमजोर वर्गों को मजबूत करना ही मेरा मुख्य उद्देश्य रहेगा।”
