class="s-light site-s-light">

    भीकमपुर तेज़ाब कांड: झुलसे बच्चों से मिले पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह आनंद — कहा, “अमानवीय घटना, दोषियों को कड़ी सज़ा मिलनी चाहिए” - janwani express

लक्सर। दिवाली की रात पटाखा विवाद के दौरान हुए भीकमपुर तेज़ाब कांड के पीड़ित किशोरों से शनिवार को पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने मुलाकात की। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति का जायज़ा लिया और पीड़ित परिवारों को सांत्वना देते हुए हर संभव सहयोग और सहायता का भरोसा दिया।

रविंद्र सिंह आनंद ने कहा कि मासूम बच्चों पर तेज़ाब फेंकने जैसी घटना अमानवीय और दिल दहला देने वाली है। उन्होंने प्रशासन से मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सख़्त से सख़्त सज़ा देने की मांग की। आनंद ने कहा कि “ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए, ताकि समाज में इस तरह के कृत्य दोबारा न दोहराए जा सकें।”

पूर्व मंत्री ने परिजनों से मुलाकात के दौरान बच्चों के इलाज की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से इस प्रकरण की निगरानी करेंगे और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने तक साथ खड़े रहेंगे।

गौरतलब है कि लक्सर क्षेत्र के ग्राम भीकमपुर में दिवाली की रात एक बुज़ुर्ग व्यक्ति ने पटाखा विवाद के दौरान पांच किशोरों पर ज्वलनशील पदार्थ (तेज़ाब) फेंक दिया था, जिसमें एक किशोर गंभीर रूप से झुलस गया था, जबकि चार अन्य आंशिक रूप से घायल हुए थे।

पूर्व मंत्री के इस दौरे से पीड़ित परिवारों में उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों ने कहा कि रविंद्र सिंह आनंद जैसे संवेदनशील नेताओं की पहल से प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ेगा और पीड़ितों को न्याय मिलने की संभावना मजबूत होगी।

Share.

Contact is protected!

Exit mobile version