लक्सर में सन्नी हत्याकांड का खुलासा दोस्त ही निकला कातिल
मोबाइल फोन को लेकर शराब के नशे में हुआ विवाद बना हत्या की वजह
लक्सर। कोतवाली लक्सर क्षेत्र में बीते दिनों लापता हुए युवक सन्नी हत्याकांड का हरिद्वार पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में मृतक के ही दोस्त रोहित उर्फ बालू को गिरफ्तार कर लिया है। कप्तान प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस सनसनीखेज वारदात से पर्दा उठाया।
रसूलपुर उर्फ कंकरखाता निवासी महिला ने 30 जनवरी 2026 को कोतवाली लक्सर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका 20 वर्षीय पुत्र सन्नी घर से दोस्तों के साथ गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों व स्थानीय जानकारियों के आधार पर गुमशुदा युवक के दोस्त रोहित उर्फ बालू की संदिग्ध भूमिका सामने आई। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने आपसी विवाद के दौरान सन्नी की हत्या कर शव को गन्ने के खेत में छिपा दिया था। इसके बाद वह गांव और साथियों को गुमराह करते हुए युवक की तलाश का नाटक करता रहा।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 1 फरवरी 2026 को सन्नी का शव गन्ने के खेत से बरामद किया और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
मोबाइल फोन बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार 27 जनवरी 2026 को सन्नी अपने दोस्तों रोहित और राजा के साथ सुल्तानपुर गया था, जहां रोहित ने सन्नी के पहचान पत्र और नकदी का उपयोग कर किश्तों में एक मोबाइल फोन खरीदा। इसके बाद शराब पीने के दौरान मोबाइल को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। नशे की हालत में विवाद बढ़ने पर रोहित ने सन्नी की हत्या कर दी।
इस मामले में कोतवाली लक्सर पर मुकदमा 103(1), 238 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है। आरोपी रोहित उर्फ बालू (उम्र 20 वर्ष) निवासी रसूलपुर उर्फ कंकरखाता को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में लक्सर कोतवाल राजीव रौथाण SSi उप निरीक्षक लोकपाल परमार उप बीरेद्र सिंह नेगी व कांस्टेबलों सहित कुल नौ पुलिसकर्मी शामिल रहे
