class="s-light site-s-light">

    सीडीओ आकांक्षा कोण्डे ने लक्सर ब्लॉक का दौरा कर की समीक्षा, लापरवाह कर्मचारियों को दी चेतावनी - janwani express

हरिद्वार की मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आकांक्षा कोण्डे ने लक्सर ब्लॉक कार्यालय का दौरा कर विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा की। लक्सर ब्लॉक के कई मानकों में पिछड़ने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई है और कर्मचारियों को काम में लापरवाही के लिए सख्त चेतावनी दी है। सीडीओ ने कहा कि जो कर्मचारी अपने कार्य में सुधार नहीं करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

समीक्षा बैठक में जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश और परियोजना निदेशक कैलाश नाथ तिवारी भी उपस्थित रहे। बैठक में ब्लॉक के कर्मचारियों के साथ योजनाओं की प्रगति, विकास कार्यों और समस्याओं पर चर्चा की गई। क्षेत्रीय विकास योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते हुए सीडीओ ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए है।

सीडीओ आकांक्षा कोण्डे ने बताया कि मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), 15वें वित्त आयोग और अन्य योजनाओं की गहन समीक्षा की गई है। लक्सर ब्लॉक के कुछ मानकों में पिछड़ने के कारण उन्होंने कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि एनआरएलएम के तहत महिला स्वयं सहायता समूह अच्छा कार्य कर रहे हैं, लेकिन योजनाओं का लाभ अंतिम लाभार्थी तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों को और सक्रिय होने की जरूरत है। बैठक में यह तय किया गया कि क्षेत्रीय विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी और जनता को योजनाओं का अधिकतम लाभ प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर पर बीडीओ पवन सैनी, एडीओ पंचायत रचना और लक्सर ब्लॉक के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे। सीडीओ ने अंत में स्पष्ट किया कि यदि चेतावनी के बावजूद काम में सुधार नहीं होता है तो दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Share.

Contact is protected!

Exit mobile version