नशीले इंजेक्शन की तस्करी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 23 इंजेक्शन बरामद
बहादराबाद। हरिद्वार
ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बहादराबाद पुलिस और एएनटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नशीले इंजेक्शन की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 23 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं।
बहादराबाद थानाध्यक्ष अंकुश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 2 फरवरी को चेकिंग के दौरान नहर पटरी रानीपुर झाल के पास से आरोपी गौरव कुमार पुत्र स्व. अमर सिंह निवासी ग्राम शेखपुरा कुमारगढ़, थाना कनखल, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 8 लीगेसिक (ब्यूप्रेनोर्फिन) इंजेक्शन (16 एमजी/जीएम) एवं 15 फिनीरामीन मेलिएट इंजेक्शन बरामद किए गए। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की गई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बड़े ड्रग्स पैडलरों के नामों का खुलासा किया है। पुलिस का कहना है कि सामने आए नामों के आधार पर अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
थाना अध्यक्ष अंकुश शर्मा ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और किसी भी सूरत में नशे के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा।
पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन बिष्ट, कांस्टेबल मुकेश राणा और कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान शामिल रहे।


