Dr. Death Arrested: 50 हत्याएं करने वाला देवेंद्र शर्मा दौसा से गिरफ्तार

एजेंसी। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने देश के सबसे खतरनाक सीरियल किलर देवेंद्र शर्मा उर्फ ‘डॉक्टर डेथ’ को राजस्थान के दौसा जिले से गिरफ्तार किया है। 67 वर्षीय देवेंद्र एक आश्रम में फर्जी नाम से आध्यात्मिक गुरु बनकर रह रहा था। गिरफ्तारी के दौरान वह पुलिस को धोखा देने की कोशिश कर रहा था, लेकिन टीम ने उसे धर दबोचा।

देवेंद्र शर्मा पर 50 से ज्यादा हत्याओं का आरोप है। वह टैक्सी और ट्रक चालकों को फर्जी सवारी के बहाने बुलाता, फिर उनकी हत्या कर वाहनों को बेच देता था। शवों को वह उत्तर प्रदेश के कासगंज स्थित हजारा नहर में फेंक देता, जहां मगरमच्छ सबूतों को निगल जाते थे। 1998 से 2004 के बीच वह 125 से अधिक अवैध किडनी ट्रांसप्लांट भी करा चुका है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार देवेंद्र के खिलाफ दिल्ली, राजस्थान और हरियाणा में हत्या, अपहरण, धोखाधड़ी और मानव अंग तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में 27 केस दर्ज हैं। 2004 में वह पहली बार गिरफ्तार हुआ था, लेकिन कई बार पैरोल पर छूटने के बाद फरार हो गया। जून 2023 में भी वह दो महीने की पैरोल पर बाहर आकर लापता हो गया था।

देवेंद्र शर्मा का आपराधिक इतिहास:

  • 1998–2004: अवैध किडनी रैकेट में सक्रिय
  • 21 टैक्सी चालकों की हत्या का आरोप
  • 2004: जयपुर में हत्या के मामले में पहली बार गिरफ्तार
  • 2007–2008: विभिन्न अदालतों से उम्रकैद और एक बार मौत की सजा
  • 2020 व 2023: पैरोल पर फरार

दिल्ली पुलिस की टीम—इंस्पेक्टर अनुज, इंस्पेक्टर राकेश कुमार और एसीपी उमेश बर्थवाल के नेतृत्व में लंबे समय से इस सीरियल किलर की तलाश कर रही थी। आखिरकार उसे दौसा के एक आश्रम में ट्रैक कर लिया गया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और अन्य आपराधिक कड़ियों को जोड़ने का प्रयास जारी है।

Share.

Contact is protected!