लक्सर: कोतवाली क्षेत्र के बाकरपुर गांव में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। खेत की ओर जा रहे ट्रैक्टर की चपेट में आने से तीन वर्षीय बच्ची गौरी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका गौरी (3) पुत्री उमेश, निवासी बाकरपुर, अपने ताऊ के घर से खेलकर लौट रही थी। उसी दौरान गांव के ही समीर पुत्र निसार अपने ट्रैक्टर पर पंपिंग सेट बांधकर खेत की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि चालक फोन पर बात करते हुए जा रहा था, तभी मासूम गौरी ट्रैक्टर के आगे आ गई और दर्दनाक हादसा हो गया।
मृतिका मासूम के पिता उमेश ने बताया कि उन्होंने शोर मचाकर ट्रैक्टर चालक को रुकने के लिए कहा, लेकिन चालक सुन नहीं पाया और ट्रैक्टर बच्ची पर चढ़ गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची । पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
