class="s-light site-s-light">

    खेत की मेड़ को लेकर विवाद, महिला समेत तीन पर जानलेवा हमले का आरोप, मुकदमा दर्ज। - janwani express

लक्सर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अलावलपुर में खेत की मेड़ काटने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया । खेत में पानी लगा रहे एक किसान पर महिला समेत तीन लोगों ने लाठी-डंडों और गंडासे से जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित किसान ने लक्सर कोतवाली में शिकायत दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित बिजेंद्र पुत्र कलीराम ने पुलिस को तारीख देकर बताया कि वह अपने खेत में सिंचाई कर रहा था, तभी पड़ोसी महिला बबली पत्नी बिजेंद्र, बिजेंद्र पुत्र चंद्रपाल और विवेक पुत्र बिजेंद्र वहां पहुंचे और खेत की मेड़ काटकर अपनी जमीन से मिलाने लगे। जब बिजेंद्र ने इसका विरोध किया तो तीनों ने पहले गाली-गलौज शुरू की और फिर उस पर हमला बोल दिया।

किसान ने आरोप लगाया कि तीनों ने उसे खेत में गिराकर लात-घूंसे, डंडों से बुरी तरह पीटा और जान से मारने की धमकी दी। महिला आरोपी बबली ने गंडासा उठाकर गर्दन पर वार करने की कोशिश की। तभी पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह बचाव कर उसे छुड़ाया। जाते-जाते आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

पीड़ित ने लक्सर कोतवाली पहुंचकर तीनों के खिलाफ तहरीर दी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर महिला, उसके पति और बेटे के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है, और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share.

Contact is protected!

Exit mobile version