हरिद्वार। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के मोहम्म्दपुर कुन्हारी गांव में एक 13 वर्षीय किशोरी द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मासूम बच्ची का शव घर के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला, जिसे देख परिजनों की चीख-पुकार मच गई और माहौल ग़मगीन हो गया।
फॉरेंसिक टीम ने मौके पर की जांच पड़ताल
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मौके की गहनता से जांच कराई गई। फिलहाल, आत्महत्या के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने पड़ोसी पर लगाया गंभीर आरोप
परिजनों ने दावा किया है कि किशोरी पिछले कुछ समय से पड़ोस में रहने वाले एक लड़के द्वारा परेशान किए जाने से मानसिक तनाव में थी। उनका कहना है कि उसी तनाव के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया। मृतका की मां और परिवार के अन्य सदस्य बेसुध हालत में हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि फॉरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने पीड़ित परिवार से बयान दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
