पथरी। वन विस्थापित गुर्जर बस्ती में यूथ कांग्रेस हरिद्वार ग्रामीण की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के स्वागत में समारोह आयोजित किया गया। यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सत्तार कसाना के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और फूलमालाओं के साथ हरीश रावत का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन मुस्तफा अंसारी ने किया। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, बिजली और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता कई समस्याओं से जूझ रही है और आने वाले समय में जनता कांग्रेस के पक्ष में निर्णय लेगी।

हरीश रावत ने कहा कि युवाओं के भविष्य को लेकर ठोस प्रयास किए जाने की जरूरत है। कांग्रेस की सरकार बनने पर क्षेत्र में युवाओं के लिए स्टेडियम बनाने का प्रयास किया जाएगा। हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि कांग्रेस भाईचारे और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि वन अधिकार से वंचित लोगों को उनका अधिकार दिलाने के लिए प्रयास जारी रहेंगे। क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाकर उनके समाधान के लिए काम किया जाएगा।

कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और क्षेत्र के युवाओं को पार्टी से जोड़ने पर चर्चा की। वक्ताओं ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाने की बात कही। इस दौरान मुशर्रफ अंसारी, आदिल गुर्जर, राजबीर चौहान, राव अफाक, शमशेर बढ़ाना, महावीर रावत, गुरजीत सिंह लहरी, हाजी डॉ. नूर अली, जुलकर अंसारी, यामीन कसाना, सत्तार कसाना समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

Share.

Contact is protected!

Exit mobile version