हरिद्वार (haridwar loksabha seat) में राजनीतिक दिग्जजो के लिए वह सब कुछ है जो उन्हे अनुकूल लगता है, जिस प्रकार हरिद्वार का मौसम बदलता रहता है उसी प्रकार यहां की सियासत भी करवट बदलती रही है। हरिद्वार संसदीय सीट में आश्रम, मठ, गंगा तीर्थ हरकी पैड़ी एवं कलियर शरीफ समेत अनेक धार्मिक स्थल हैं।
राजाजी नेशनल पार्क पर्यटकों को आकर्षिक करता है तो महारत्न कंपनी बीएचईएल समेत औद्योगिक क्षेत्र विकास की कहानी बयां करता है। रुड़की आइआइटी, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, पतंजलि विवि, देव संस्कृति विवि आदि विख्यात शैक्षिक संस्थान हैं। यहां हर जाति, धर्म, वर्ग, समुदाय के लोगों का यहां गुलदस्ता है। शहरों की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक आबादी निवास करती हैं। किसान राजनीति का गढ़ है तो देश-दुनिया में संत-महंतों की आवाज भी यहीं से बुलंद होती रही है।
1977 में अस्तित्व में आई लॉकसभा सीट
हरिद्वार सीट 1977 में अस्तित्व में आई। शुरू में इस सीट पर पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का प्रभाव होने के कारण लोकदल का ही दबदबा रहा। अब तक इस सीट पर 13 आम चुनाव और एक उपचुनाव हुआ है। इसमें सबसे अधिक छह बार भाजपा, पांच बार कांग्रेस, दो बार लोकदल और एक बार समाजवादी पार्टी की जीत हुई है। कांग्रेस का गढ़ रही इस सीट पर 1991 के बाद भाजपा ने दबदबा बनाया। राज्य गठन के बाद 2004 में सपा और 2009 में कांग्रेस के पास हरिद्वार सीट रही। पिछले दो चुनाव से भाजपा का परचम है।
हरिद्वार सीट का इतिहास एक नजर में –
| साल | जीते | दल |
|---|---|---|
| 1977 – 1980 | भगवान दास राठौर | भारतीय लोकदल |
| 1980 – 1984 | जगपाल सिंह | जनता पार्टी सेक्युलर |
| 1984 – 1987 | सुंदर लाल | कांग्रेस |
| 1987 – 1989 | राम सिंह | कांग्रेस |
| 1989 – 1991 | जगपाल सिंह | कांग्रेस |
| 1991 – 1996 | राम सिंह | भाजपा |
| 1996 – 1998 | हरपाल सिंह | भाजपा |
| 1998 – 1999 | हरपाल सिंह | भाजपा |
| 1999 – 2004 | हरपाल सिंह | भाजपा |
| 2004 – 2009 | राजेंद्र कुमार बेदी | सपा |
| 2009 – 2014 | हरीश रावत | कांग्रेस |
| 2014 – अबतक | रमेश पोखरियाल | भाजपा |
हरिद्वार संसदीय सीट में दो जिलों के 14 विधासनभा क्षेत्र शामिल हैं। हरिद्वार जिले की हरिद्वार, भेल रानीपुर, ज्वालापुर, भगवानपुर, झबरेड़ा, पिरान कलियर, रुड़की, खानपुर, मंगलौर, लक्सर, हरिद्वार ग्रामीण और देहरादून जिले की ऋषिकेश, डोईवाला व धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र इस लोकसभा में शामिल हैं। लोकसभा क्षेत्र में छह तहसील, एक उप तहसील व सात विकासखंड हैं। हरिद्वार संसदीय क्षेत्र में साधु समाज के साथ ही ब्राह्मण-पुरोहित, अनुसूचित जाति, पहाड़ी समाज, पाल, तेली, झोझा, बंजारा, पंजाबी-सिख, सिंधी, वैश्य, सैनी, जाट, गुर्जर, कुम्हार, त्यागी, आदि प्रेशर ग्रुप के रूप में हैं। मुस्लिम भी यहां समीकरण प्रभावित करने की स्थिति में रहते हैं।


