लक्सर। क्षेत्र की जनता से जुड़ाव और संवाद की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए पूर्व राज्य मंत्री एवं वरिष्ठ समाजसेवी रविंद्र सिंह आनंद ने शनिवार को महाराजपुर खुर्द गांव में सैनी समाज के लोगों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया।
बैठक में सैनी समाज के लोगों ने बताया कि हाल ही में हुई बरसात से खेतों और फसलों को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन अब तक सरकार की ओर से मुआवजे की कोई व्यवस्था नहीं की गई। इस पर पूर्व मंत्री आनंद ने कहा कि वह जल्द ही इस मुद्दे पर शासन और प्रशासन से वार्ता करेंगे ताकि प्रभावित किसानों को उचित राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि लक्सर क्षेत्र की जनता ने हमेशा उन्हें स्नेह और समर्थन दिया है, और बदले में जनता की सेवा करना उनका पहला कर्तव्य है। आनंद ने कहा, “मैं हर संभव प्रयास करूंगा कि क्षेत्र की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो। जनता की पीड़ा मेरी अपनी पीड़ा है।”
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे हर मौके पर जनता के बीच रहकर समस्याओं को गंभीरता से सुनते हैं।इस मौके पर सागर सैनी, महक सिंह सैनी, गोविंद सैनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।


