लक्सर। लक्सर क्षेत्र की राजनीति में खास पहचान रखने वाले और दो बार बसपा से जिला पंचायत सदस्य रहे चौधरी विजेंद्र सिंह अब भाजपा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने भाजपा की नीतियों और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व से प्रभावित होकर पार्टी ज्वाइन करने की बात कही।
बुधवार को चौधरी विजेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कर रही है।

उन्होंने मुख्यमंत्री धामी की तारीफ करते हुए कहा कि हाल ही में लक्सर आपदा क्षेत्र का दौरा कर उन्होंने प्रभावितों और किसानों को राहत देने का बड़ा निर्णय लिया। फसल क्षति का मुआवजा देने का निर्देश भी इस बात का प्रमाण है कि मुख्यमंत्री किसानों के दुख-दर्द के प्रति संवेदनशील हैं।
गौरतलब है कि चौधरी विजेंद्र सिंह का लक्सर की राजनीति में विशेष स्थान है। हाल ही में हुए सरकारी समितियों के चुनाव में भी उन्होंने भाजपा को जितवाकर अपनी पकड़ और प्रभाव का सबूत दिया था। उनकी सरलता और जनता से जुड़ाव के कारण क्षेत्र में उनकी अच्छी छवि है।


