लक्सर में फाइनेंस कर्मी से लूट का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
लक्सर ।क्षेत्र में फाइनेंस कर्मी से हुई लूट की घटना का हरिद्वार पुलिस ने बेहद कम समय में खुलासा कर दिया है। एसपी ग्रामीण शेखर चंद सुयाल ने लक्सर पहुंचकर पूरे मामले का प्रेस वार्ता के माध्यम से खुलासा किया। उन्होंने बताया कि एसएसपी प्रगेन्द्र सिंह डोबाल के कुशल नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मैनुअल पुलिसिंग के जरिए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई नगदी व घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि दिनांक 01 फरवरी 2026 को वादी रवि राठौर पुत्र मुन्ना लाल, निवासी लक्सर गांव, द्वारा कोतवाली लक्सर में तहरीर दी गई थी, जिसमें बताया गया कि चार अज्ञात व्यक्तियों ने रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की और उसके बैग में रखी कलेक्शन की नगदी व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। तहरीर के आधार पर कोतवाली लक्सर में अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी हरिद्वार द्वारा तत्काल टीम गठित कर मामले के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम ने क्षेत्र में सक्रिय रहकर सीसीटीवी फुटेज, संदिग्ध गतिविधियों और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल से संबंधित सूचनाएं एकत्र कीं। इसके बाद दिनांक 02 फरवरी 2026 को चेकिंग के दौरान लक्सर क्षेत्र से तीन संदिग्धों को दबोच लिया गया, जिनका हुलिया वारदात में शामिल आरोपियों से मेल खाता था।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से ₹1,85,000/- नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, पीड़ित का आधार कार्ड तथा एक काला बैग बरामद किया गया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी गुलशेर ने खुलासा किया कि वह लक्सर की एक परचून की दुकान पर पिछले कई वर्षों से काम करता था, लेकिन आपसी विवाद के चलते नौकरी छूट गई थी। उसे जानकारी थी कि दुकान का कलेक्शन रवि नामक युवक करता है और हर रविवार को बड़ी रकम लेकर जाता है। इसी लालच में उसने अपने साथियों सलमान, फरमान और साहिल के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम-पते इस प्रकार हैं—
गुलशेर पुत्र कामिल निवासी खण्डजा कुतुबपुर, कोतवाली लक्सर
फरमान पुत्र वसीम निवासी खण्डजा कुतुबपुर, कोतवाली लक्सर
साहिल पुत्र नफीस निवासी खण्डजा कुतुबपुर, कोतवाली लक्सर
बरामदगी का विवरण—
कुल ₹1,85,000/- नकद
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
पीड़ित का आधार कार्ड
एक काला बैग
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक लोकपाल परमार, उपनिरीक्षक नरेन्द्र सिंह, अपर उपनिरीक्षक रंजीत नौटियाल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


