लक्सर। कांग्रेस की प्रस्तावित ट्रैक्टर–बोगी चेतना यात्रा से पहले ही उत्तराखंड सरकार ने गन्ने का मूल्य घोषित कर दिया। इस बार गन्ने का मूल्य 405 रुपये प्रति क्विंटल रखा गया है, जबकि कांग्रेस और किसान संगठन 500 रुपये प्रति क्विंटल की मांग पर अडिग थे। सरकार द्वारा देर रात की गई घोषणा के बाद कांग्रेस ने अपनी चेतना यात्रा फिलहाल स्थगित कर दी है।
हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने गन्ना मूल्य को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा—
किसानों के गन्ने का मूल्य कम से कम 500 रुपये होना चाहिए। सरकार किसानों के मुद्दों पर सजग नहीं है। किसान सम्मान यात्रा से पहले आनन-फानन में गन्ना मूल्य घोषित करना कांग्रेस और किसानों के दबाव का परिणाम है।
हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की नीतियाँ किसान विरोधी हैं और लागत बढ़ने के बावजूद किसानों को राहत नहीं मिल पा रही है।
गन्ना मूल्य घोषित होने के बाद हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र के कई किसानों ने विधायक अनुपमा रावत से मुलाकात कर उनका धन्यवाद किया। किसानों का कहना था कि वे काफी समय से उचित मूल्य की मांग कर रहे थे, और विधायक द्वारा लगातार मुद्दा उठाने से सरकार को कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा। किसानों ने कहा कि वे आगे भी विधायक के साथ मिलकर अपनी माँगों को मजबूती से उठाते रहेंगे।
इस दौरान मुशर्रफ अंसारी, मुस्तफा अंसारी, खेम चंद चौधरी, धर्मेंद्र चौहान, हाजी कालू, पंकज चौधरी, यामीन कसाना, गौरव पाल, सचिन प्रधान कटारपुर, डॉ. नूर अली, राकीब अली सहित कई किसान मौजूद रहे।


