लक्सर। नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर में शुक्रवार को ईद मिलादुन्नबी का पर्व पूरे उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। सुबह से ही पूरे कस्बे में जुलूस-ए-मुहम्मदी की रौनक छा गई। छोटे-बड़े, बुजुर्ग और बच्चे सभी हरे झंडे थामे “सरकार की आमद मरहबा”, “आका की आमद मरहबा” और “जश्ने ईद मिलादुन्नबी जिंदाबाद” के नारों के साथ फिजाओं को सराबोर करते नज़र आए।
जुलूस के दौरान जगह-जगह स्टॉल सजाए गए, जहां लंगर, फल और मिठाइयाँ बांटी गईं। लोग एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद पेश करते रहे। माहौल पूरी तरह भाईचारे और अमन के पैगाम से सराबोर दिखा।
मौलाना परवेज ने कहा कि “ईद मिलादुन्नबी इस्लाम का सबसे बड़ा दिन है। आज के ही दिन आखिरी पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब का जन्म हुआ था। उन्होंने पूरी दुनिया को अमन, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया। उनके बताए रास्ते पर चलना ही इस दिन की असली इबादत है।”
जुलूस नगर के मुख्य मार्गों से होता हुआ आगे बढ़ा और सुल्तानपुर से रवाना होकर कलियर शरीफ पहुँचा, जहाँ हज़रत साबिर पाक की दरगाह पर चादरपोशी कर दुआएं मांगी गईं। चादरपोशी के इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
इस मौके पर मौलाना परवेज, कारी परवाज, चेयरमैन प्रतिनिधि बाबू ताहिर हसन, सभासद मास्टर मुसर्रत अली, तसकिर अली, शादाब अली सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।


